भीषण गर्मी के बीच धमतरी में वनाग्नि का कहर: बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र में अचानक लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

ग्रामीणों ने दिखाई सतर्कता, वन विभाग को दी त्वरित सूचना
करइया और सारंगपुरी जंगल क्षेत्र के ग्रामीणों ने सबसे पहले जंगल से उठता धुआं देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला और फायर फाइटिंग टीम मौके के लिए रवाना हुई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
सूखी पत्तियां और तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें
भीषण गर्मी, सूखी पत्तियों और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से जंगल में फैलती चली गई। वन विभाग के कर्मचारियों को आग पर काबू पाने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। आशंका जताई जा रही है कि बड़ी मात्रा में वनस्पति और छोटे वन्यजीवों को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय ग्रामीण भी आग बुझाने में वन अमले का सहयोग कर रहे हैं।
महुआ बीनने वालों की लापरवाही पर उठे सवाल
वन अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर महुआ बीनने वालों या राहगीरों की लापरवाही को संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह नियंत्रित करने और आसपास के जंगलों तक फैलने से रोकने की है। वन विभाग की टीम देर शाम तक मौके पर डटी रही।






