Raigarh News: राज्यपाल रमेन डेका ने योजनाओं की समीक्षा की, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर दिया जोर

रायगढ़, 1 अगस्त। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने दो दिवसीय रायगढ़ प्रवास के प्रथम दिवस जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्ट्रेट के सृजन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
20 से अधिक विषयों पर हुई समीक्षा
बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संवर्धन, जैविक कृषि, स्वच्छता, योग, टीबी उन्मूलन, आजीविका, सहकारिता, सड़क सुरक्षा सहित 20 से अधिक महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने के निर्देश
राज्यपाल रमेन डेका ने वर्षा जल संरक्षण और जल संचयन को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिकारियों से वर्षा जल संग्रहण, वाटर हार्वेस्टिंग और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने असम, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में किए जा रहे जल संरक्षण कार्यों का उल्लेख करते हुए पुराने कुओं, बावड़ियों और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए, जिससे भू-जल स्तर में स्थायी सुधार सुनिश्चित हो सके।
राज्यपाल का संदेश
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों को जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।







