Mahanadi Flood Alert Raigarh : बाढ़ आपदा से निपटने एक्शन मोड में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, तटीय गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील

रायगढ़। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित जिलों का प्रशासन अलर्ट मोड में है।
अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
ओपी चौधरी ने बताया कि लगातार वर्षा के चलते रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और शक्ति सहित महानदी से प्रभावित जिलों के कलेक्टर, एसपी और एसडीएम को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ की तैयारियों की समीक्षा भी की।
हीराकुंड और गंगरेल बांध पर लगातार नजर
उन्होंने कहा कि महानदी में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए पड़ोसी राज्य ओडिशा सरकार से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि हीराकुंड बांध के गेटों का संचालन समन्वित ढंग से हो सके। वहीं, गंगरेल बांध के गेट खुलने की संभावित स्थिति को देखते हुए भी प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
तटीय गांवों के लिए विशेष एहतियात
वित्त मंत्री ने डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवारों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेज, दवाइयां और खाने-पीने की सामग्री पहले से सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
राहत एवं बचाव की पूरी तैयारी
ओपी चौधरी ने अधिकारियों को राहत शिविर, नाव, SDRF टीम, मेडिकल टीम और अन्य आवश्यक संसाधनों को तटीय गांवों के समीप तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन 24 घंटे तैयार है।
जनता से की सहयोग की अपील
उन्होंने कहा, “घबराने की आवश्यकता नहीं है। सतर्क रहें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। सरकार और प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है।”



