रायगढ़ : बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन शुरू

रायगढ़: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्मार्ट बिजली मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ शहर एवं ग्रामीण द्वारा शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। यह तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन के प्रथम चरण की शुरुआत थी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष नरेंद्र नेगी और जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष शाखा यादव ने राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट बिजली मीटर और बढ़ी हुई बिजली दरों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) नरेंद्र नेगी ने ‘आपकी आवाज़’ से विशेष बातचीत में कहा कि कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे को लेकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी और सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता की मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार 1 से 3 अगस्त तक राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसके तहत पहले चरण में प्रेस वार्ता, दूसरे चरण में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 3 अगस्त को रायपुर में मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) का घेराव कर प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में वृद्धि के मुद्दे पर जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।








