
खरसिया। नीट पेपर लीक मामले को लेकर ग्राम पंचायत तेलीकोट में जनप्रतिनिधियों एवं सैकड़ों युवाओं ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष आयोजित इस प्रदर्शन में प्रतिभागियों ने परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए खरसिया शिवसेना अध्यक्ष पिंटू यादव ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों द्वारा किए गए आंदोलन को इतिहास याद रखेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसकी उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की।
पिंटू यादव ने कहा कि यदि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा इतना बड़ा मामला सामने आया है, तो इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने जंतर-मंतर पर धरना एवं अनशन कर रहे छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेलीकोट के युवा उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और छात्रों के हक एवं अधिकार की लड़ाई में हर संभव सहयोग देंगे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तेलीकोट के सरपंच प्रतिनिधि, मोनू यादव, बीडीसी धनंजय बॉयलतथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे। प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।








