छत्तीसगढ़

रायपुर में बंद इस्पात फैक्ट्री में डकैती: चौकीदार को रस्सी से बांधकर लूटपाट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी, लूटे गए सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहनों समेत करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर। राजधानी के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में रायपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। मामले में लूटे गए सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल चारपहिया और दोपहिया वाहन समेत करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

चौकीदार को रस्सी से बांधकर फैक्ट्री में घुसे आरोपी

पुलिस के अनुसार, घटना 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। अमरनाथ इस्पात की फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है, जहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदार के रूप में तैनात हैं। घटना की रात वह फैक्ट्री कार्यालय के पोर्च में बैठे थे। इसी दौरान बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति अंदर आता दिखाई दिया।

चौकीदार ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसी बीच मुंह पर कपड़ा बांधे सात से आठ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने चौकीदार को पकड़ लिया और विरोध करने पर उसके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद वे फैक्ट्री के कार्यालय में घुस गए।

एल्युमिनियम वायर, कॉपर और नकदी समेत कीमती सामान पार

चौकीदार को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने कार्यालय से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल समेत अन्य कीमती वस्तुएं लूट लीं।

लूटे गए सामान को टाटा एस वाहन में लादने के बाद आरोपी फैक्ट्री की साइड की दीवार तोड़कर खेतों के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए।

कबीर नगर थाने में दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद चौकीदार की शिकायत पर कबीर नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया व दोपहिया वाहन सहित करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button