बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, तीन की मौत; 10 घायल

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस, सुबह 5:30 बजे दरचुरा के पास हुआ हादसा; घायलों को सिमगा अस्पताल पहुंचाया गया
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर दरचुरा के पास यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह 5:30 बजे ट्रक से भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, बस सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे के समय कई यात्री नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
भीषण टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 10 अन्य घायल हो गए।
बस में फंसे यात्रियों को निकाला, अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहत दल की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर यात्रियों का सामान बिखरा पड़ा था। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की।
ट्रक पर रिफ्लेक्टर था या नहीं, इसकी भी जांच
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।






