Uncategorised

Cyber Safety Raigarh : आत्मानंद स्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को साइबर, महिला और सड़क सुरक्षा के दिए अहम टिप्स

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में 22 जुलाई को डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, पॉक्सो कानून और सुरक्षित यातायात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

साइबर अपराध से बचने के बताए उपाय

महिला प्रधान आरक्षक रेनु मंडावी सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने तथा ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े साइबर अपराधों से बचा सकती है।

महिला सुरक्षा और पॉक्सो कानून की दी जानकारी

सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे ने छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के बेड टच, छेड़छाड़ या अनुचित व्यवहार को कभी न छिपाएं। ऐसी स्थिति में तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें। उन्होंने अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112, हेलो सिस्टर हेल्पलाइन (9479270533) और पुलिस कंट्रोल रूम की जानकारी देते हुए बताया कि बिना थाना आए भी पुलिस से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

16 वर्ष से कम उम्र में वाहन चलाना प्रतिबंधित

यातायात प्रभारी रोहित बंजारे एवं उप निरीक्षक संध्या कोका ने सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित है। उन्होंने हेल्मेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संदेश दिया तथा विद्यार्थियों से अपने परिजनों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

‘पुलिस आपकी मित्र है’ : डीएसपी उन्नति ठाकुर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर ने छात्राओं को आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मरक्षा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या बेड टच को सहन न करें और बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि “पुलिस आपकी मित्र है और हर परिस्थिति में आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।” साथ ही नए आपराधिक कानूनों के तहत त्वरित न्याय प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्राचार्य राजेश डेनियल, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने व्यवहारिक उदाहरणों के साथ समाधान किया।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button