मल्हार में उफनती लीलागर नदी में बाइक समेत बहे दो युवक, स्थानीय लोगों ने बचाया

मल्हार। लीलागर नदी के उफान के बीच एनिकट पार करने की कोशिश कर रहे दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में बह गए। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। नदी का पानी एनिकट से करीब दो फीट ऊपर बह रहा था और बहाव भी काफी तेज था। इसके बावजूद दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एनिकट पार करने निकल पड़े।
चेतावनी के बावजूद एनिकट पार करने निकले
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को नदी पार न करने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं माने। बाइक जैसे ही तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत नदी के बहाव में बहने लगे।
हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
शराब के नशे में होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मल्हार क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं और जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए एनिकट पार कर रहे थे। घटना के समय उनके शराब के नशे में होने की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलने के बाद मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को उफनती नदी तथा एनिकट पार नहीं करने की समझाइश दी।
बारिश में एनिकट पार करना जानलेवा हो सकता है
इस घटना में स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच गई, लेकिन उफनती नदी और तेज बहाव के बीच एनिकट पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है। बारिश के दौरान लीलागर नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन की चेतावनी का पालन करने की अपील की गई है।






