Advertisement
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों का एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है. इसी क्रम में सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान फोर्स को बड़ी सफलता हाथ लगी है. बारसूर के जंगल से सुरक्षाबलों को बड़ा नक्सल डंप मिला है. फोर्स को बारसूर क्षेत्र के ग्राम मंगनार, बुरदूम, तोड़मा एवं कोहकाबेड़ा के जंगल में नक्सलियों का हथियार मिला है.
बारसूर क्षेत्र से नक्सल डंप बरामद
बारसूर क्षेत्र के जंगल में फोर्स ने सर्चिंग अभियान चलाकर नक्सलियों के छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को बरामद किया है. बरामद सामग्री में एके-47, इंसास रायफल, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी संख्या में कारतूस, टिफिन बम, कूकर बम, डेटोनेटर से संबंधित सामग्री, वॉकी-टॉकी सेट और नक्सली वर्दी सहित अन्य सामग्री शामिल है.
सरेंडर नक्सलियों की सूचना पर कार्रवाई
दंतेवाड़ा के एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि सरेंडर नक्सलियों की सूचना पर यह कार्रवाई की गई. 5 अक्टूबर 2026 को बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा एवं कोहकाबेड़ा के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान 6 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस फोर्स को सफलता मिली. कोहकाबेड़ा एवं बुरदूम के बीच स्थित घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग कर रही संयुक्त टीम को नक्सलियों द्वारा जमीन के अंदर और जंगल में छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला. सुरक्षा बलों ने इलाके की सघन तलाशी लेते हुए डम्प को सुरक्षित तरीके से बरामद किया. बरामद सामग्री की जांच और सुरक्षित जब्ती की कार्रवाई की गई. आसपास के क्षेत्रों में भी सर्चिंग अभियान लगातार जारी है.
AK-47 और इंसास समेत हथियार बरामद
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम ने डम्प से एक एके-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, एक .315 बोर बंदूक तथा छह भरमार बंदूकें बरामद की है. इसके अलावा नौ बीजीएल सेल, एके-47 के 23 राउंड सहित मैग्जीन, पांच बीजीएल राउंड तथा एक इंसास मैग्जीन भी बरामद की गई है.
सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी मिली है. इसमें दो टिफिन बम, आठ कुकर बम, दो तीर बम तथा लगभग 20 मीटर कॉडेक्स वायर शामिल है. इसके अलावा पिस्टन रॉड स्प्रिंग 24 नग, लाल-काले रंग का लगभग 20 मीटर वायर तथा मल्टीमीटर भी बरामद किया गया है.
बरामदगी में 20 वॉकी-टॉकी सेट भी मिले हैं, जो नक्सलियों के आपसी संचार में उपयोग किए जाने की आशंका है. इसके साथ ही दो जोड़ी नक्सली वर्दी, एक इनवर्टर, दो कार इनवर्टर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं- चंद्रमोहन सिंह, एसपी, दंतेवाड़ा
लगातार जारी है अभियान-एसपी
एसपी चंद्र मोहन सिंह ने बताया कि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस फोर्स काम कर रही है. लगातार सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. नक्सलियों के डंप को बरामद किया जा रहा है. नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक एवं अन्य सामग्री लगातार मिल रहे हैं. एसपी ने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण सूचनाओं को अभियान में शामिल करते हुए सुरक्षा बल संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग कर रहे हैं. इसी कार्रवाई के दौरान बारसूर क्षेत्र में यह बड़ी बरामदगी हुई है
आसपास के जंगलों में सर्चिंग जारी
सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा बरामदगी के बाद आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में भी सघन सर्चिंग की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक डम्प को खोजकर निष्क्रिय करना है.
Advertisement
Advertisement