गृहमंत्री का निज सहायक बनकर नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर ठगी, रायपुर में दो आरोपी गिरफ्तार

फर्जी आईकार्ड बरामद, 15 लोगों से करीब 25 लाख रुपये लेने की बात कबूली
रायपुर। सरकारी नौकरी दिलाने और तबादला कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में से एक ने खुद को प्रदेश के गृहमंत्री का निज सहायक बताकर लोगों का भरोसा जीता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य मोहन पंडा (23), निवासी कमल विहार, रायपुर और संतराम यादव (38), निवासी हिमालया हाईट्स, देवपुरी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से गृहमंत्री कार्यालय का फर्जी आईकार्ड भी जब्त किया है।
70 हजार लेकर भी नहीं मिली नौकरी
पुलिस के अनुसार, बोस्टो तांडी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दोनों आरोपियों ने उन्हें सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। आदित्य ने खुद को गृहमंत्री विजय शर्मा का निज सहायक बताकर उनसे 70 हजार रुपये ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई।
पूछताछ में कबूला
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अब तक करीब 15 लोगों से नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये ले चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ जारी है और ठगी के अन्य मामलों तथा पीड़ितों की जानकारी सामने आ सकती है।
इन धाराओं में कार्रवाई
सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) में मामला दर्ज किया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या तबादले के नाम पर पैसे मांगने वालों के झांसे में न आएं। यदि किसी को ऐसे ठगों के संबंध में जानकारी हो या वे स्वयं ठगी का शिकार हुए हों, तो तुरंत नजदीकी थाने में संपर्क करें।






