छत्तीसगढ़

परिसीमन से बढ़ेगा जनप्रतिनिधित्व, महिलाओं को मिलेंगे नए अवसर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Advertisement
Advertisement Carousel

संसद का विशेष सत्र बुलाने का किया स्वागत, महिला आरक्षण को बताया राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम; कांग्रेस के आरोपों पर भी साधा निशाना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि परिसीमन विधेयक लाया जाता है तो यह लोकतंत्र में व्यापक जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। इससे लोकसभा और विधानसभा में प्रतिनिधित्व का विस्तार होगा तथा अधिक लोगों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

परिसीमन से क्षेत्रों को मिलेगा अधिक प्रतिनिधित्व

शुक्रवार, 27 नवंबर को पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन से विभिन्न क्षेत्रों को अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। इससे स्थानीय आवश्यकताओं और लोगों की आकांक्षाओं को संसद तथा विधानसभाओं में प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधित्व का विस्तार लोकतंत्र को और मजबूत करेगा।

महिला आरक्षण से बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से देश की माताओं और बहनों को संसद तथा विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। इससे नीति निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति समाज के सभी वर्गों की सहभागिता में है और महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री का पलटवार

संसद के विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। लगातार चुनावी हार के बाद पार्टी के नेता अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। जनता का विश्वास खोने के बाद कांग्रेस के पास लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है।

चुनाव हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर उठाती है सवाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की पुरानी आदत रही है कि चुनाव जीतने पर उसे ईवीएम, चुनाव आयोग और पूरी चुनावी व्यवस्था सही नजर आती है, लेकिन हारने पर इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी चुनावी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए, न कि अपनी विफलताओं का दोष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि उसकी राजनीति ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी हो गई है। चुनाव जीतने पर व्यवस्था को सही बताना और हारने पर उसी व्यवस्था में खामियां निकालना राजनीतिक हताशा को दर्शाता है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button