छत्तीसगढ़

तीन साल में छत्तीसगढ़ को मिले 8.60 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 68 लाख महिलाओं को मिल रही महतारी वंदन की राशि

Advertisement
Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, किसानों को 3100 रुपये में धान खरीदी से लेकर युवाओं के लिए AI प्रशिक्षण और बस्तर में विकास तक का रखा रोडमैप

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। इनसे प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और अधोसंरचना विकास के नए अवसर तैयार हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की गारंटियों, औद्योगिक निवेश, कृषि विकास, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति एवं विकास को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

पहली कैबिनेट में 18 लाख आवासों की स्वीकृति का फैसला

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू किया गया। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिया गया और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई।

इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई।

8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनिज आधारित उद्योगों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और आधुनिक तकनीक आधारित उद्योगों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत निवेश आधुनिक तकनीक और रोजगार आधारित क्षेत्रों से जुड़े हैं।

उन्होंने बताया कि निवेश को बढ़ावा देने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 के माध्यम से उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क भी विकसित किए जा रहे हैं।

68 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 1000 रुपये

महिला सशक्तीकरण पर मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का कार्य भी महिला स्व-सहायता समूहों को दोबारा सौंपा गया है।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।

14 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है, जबकि छह शासकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रदेश में 273 करोड़ रुपये की लागत से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। वहीं नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। यहां प्रतिवर्ष चार हजार युवाओं को आधुनिक उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की योजना है।

स्टार्टअप के जरिए युवाओं को उद्यमी बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल नौकरी देने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत पांच हजार स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बस्तर में सुरक्षा के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है। सरकार ने बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया है।

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद स्कूलों को फिर से शुरू किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें भी 50 से बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।

किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिल रहा धान का मूल्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है।

उन्होंने बताया कि कम धान बेचने वाले किसानों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पांच लाख रुपये तक मुफ्त उपचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 6,671 सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। इसके अलावा दो हजार स्कूलों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

पर्यटन और जनजातीय संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान दिलाई जा रही है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है।

छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 के जरिए स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं बस्तर पंडुम के माध्यम से लोक कला, नृत्य, संगीत और जनजातीय परंपराओं को मंच दिया जा रहा है। अखरा विकास योजना के तहत जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है।

1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित, खेल प्रतिभाओं को भी मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल, आवास, पेयजल और ऊर्जा अधोसंरचना के विस्तार पर काम किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन भी प्रारंभ किया गया है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

हर गांव और हर घर तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय क्षेत्रों से लेकर शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों तक विकास की समान पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button