कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज और कैनाल लिंक रोड का लिया जायजा, 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली लाइब्रेरी से युवाओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
रायगढ़। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव बैराज, कैनाल लिंक रोड और गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट तक बन रही सड़क का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
नालंदा परिसर में 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली लाइब्रेरी
कलेक्टर ने सबसे पहले नालंदा परिसर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और सिविल निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।
नालंदा परिसर में लगभग 600 विद्यार्थियों की क्षमता वाली सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी बनाई जा रही है। इसके शुरू होने से विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।
मरीन ड्राइव बैराज से नदी में बनी रहेगी जल उपलब्धता
इसके बाद कलेक्टर ने मरीन ड्राइव में निर्माणाधीन बैराज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैराज के निर्माण से नदी में जलस्तर स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे आम नागरिकों को निस्तार के लिए पानी की उपलब्धता बनी रहेगी।
सड़क और कैनाल लिंक रोड के कार्यों की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कैनाल लिंक रोड और गंधरी पुलिया से आरपीएफ पोस्ट तक निर्माणाधीन सड़क का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और काम में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए।





