शासकीय जमीन पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

घरघोड़ा के रायकेरा में डंडे और मुक्कों से हमला करने का आरोप, दूसरा आरोपी फरार; शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे थे पटवारी
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष), निवासी ग्राम पोरडा ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। तहसीलदार के निर्देश पर 24 नवंबर को ग्राम तिलाईपाली और रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी उनके साथ मौजूद थे।
निर्माण रोकने की समझाइश पर हुआ विवाद
मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण करा रहा था। पटवारी ने जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।
पटवारी पर डंडे और मुक्कों से हमला
शिकायत के मुताबिक, पटवारी जब मौके से जाने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने ग्रामीणों को निर्माण कार्य की सूचना देने की बात पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने पटवारी के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। पटवारी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके शासकीय कर्मचारी होने की जानकारी के बावजूद सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और अभद्र व्यवहार किया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पटवारी की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 25 नवंबर को पुलिस ने दबिश देकर विजय गुप्ता (53 वर्ष), पिता बैरागी गुप्ता, निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।





