रायगढ़

रायगढ़ में बनेगा आधुनिक नर्सिंग कॉलेज भवन, निर्माण के लिए 11.61 करोड़ रुपये की वित्तीय सहमति

Advertisement
Advertisement Carousel

वित्त विभाग ने 1161.41 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर दी सहमति, भवन बनने से रायगढ़ सहित पूरे संभाग के विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा

रायगढ़। जिले में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल हुई है। नवीन नर्सिंग महाविद्यालय रायगढ़ के भवन निर्माण के लिए 11 करोड़ 61 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। इससे जिले में नर्सिंग शिक्षा के लिए आधुनिक भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

ओपी चौधरी की पहल से आगे बढ़ी प्रक्रिया

इस स्वीकृति को प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है। उनका प्रयास रहा है कि जिले के युवाओं को नर्सिंग सहित चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। नर्सिंग महाविद्यालय का अपना भवन बनने से रायगढ़ के साथ पूरे संभाग के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

आधुनिक भवन से विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा

अब तक भवन के अभाव में महाविद्यालय के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों में कई तरह की परेशानियां सामने आती रही हैं। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के बीच नर्सिंग की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। इससे स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की उपलब्धता बढ़ने और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

रायगढ़ में मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग महाविद्यालय के भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके अलावा नालंदा परिसर और फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसी परियोजनाएं भी जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इन संस्थानों के विकसित होने से रायगढ़ को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

जल्द शुरू होगी निर्माण की प्रक्रिया

वित्त विभाग से सहमति मिलने के बाद अब भवन निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रियाएं आगे बढ़ेंगी। इसके तहत टेंडर और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा। नर्सिंग महाविद्यालय का नया भवन तैयार होने से जिले के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button