छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का असर जारी, पेंड्रा समेत पांच जिलों में येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान का प्रभाव अब भी बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। चक्रवात का असर खासतौर पर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।
पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पेंड्रा, कोरबा, जांजगीर, बिलासपुर और मुंगेली जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में मौसम खराब रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बना रहेगा असर
चक्रवात अकवान के सक्रिय रहने से प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मौसम प्रभावित रहने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन के साथ खेती-किसानी पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को आगामी दिनों में मौसम के बदलाव पर नजर रखने की सलाह दी है।





