अकवान चक्रवात से फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा मुआवजा, CM साय ने दिया भरोसा

सभी जिला कलेक्टरों को फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश, आरबीसी 6-4 के तहत पात्र किसानों को मिलेगी आर्थिक सहायता; बीमित किसानों को भी दिलाया जाएगा क्लेम
रायपुर। अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित किसान के साथ खड़ी है। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। फसल क्षति का सर्वेक्षण कराकर सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सभी जिलों में फसल नुकसान का होगा सर्वेक्षण
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
बीमित किसानों को भी मिलेगा फसल बीमा का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।





