रायगढ़

ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी और चोरी का डीजल खरीदने वाला ढाबा संचालक गिरफ्तार, जाइलो कार जब्त

Advertisement
Advertisement Carousel

रायगढ़। पूंजीपथरा पुलिस ने खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का डीजल खरीदने वाले ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार जब्त की गई है। बरामद डीजल की कीमत करीब 8 हजार रुपये और कार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर की थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय (38) ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 लेकर पूंजीपथरा पहुंचा था और सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सो गया था। सुबह उठने पर ट्रक की डीजल टंकी टूटी मिली और उसमें से डीजल गायब था। आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की टंकियां भी तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी किया गया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी हिरासत में

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज यादव (23), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर और वर्तमान में दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ में रहने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह करीब एक साल से रायगढ़ में छोटी गाड़ी चलाता है और उसने पुरानी महिंद्रा जाइलो खरीदी है। पैसों की जरूरत के चलते उसने 17 नवंबर की रात सुनसान जगहों पर खड़े ट्रकों की रेकी की और पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर खाली ड्रमों में डीजल भर लिया।

ढाबा संचालक को बेचता था चोरी का डीजल

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए डीजल में से कुछ ट्रक चालकों को बेचा और कुछ संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा को दिया। शेष डीजल उसने अपने पास छिपाकर रखा था।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश देकर संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।

80 लीटर डीजल और जाइलो कार जब्त

पुलिस ने मुकेश मखीजा के कब्जे से 30 लीटर और मुख्य आरोपी सूरज यादव के पास से 50 लीटर डीजल बरामद किया। इस तरह कुल 80 लीटर डीजल जब्त किया गया। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035 भी जब्त की गई। चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक विनोद शर्मा, हेमसागर पटेल और शेखर चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button