रायगढ़

बनोरा में 32 साल से कायम सनातनी परंपरा, आंवला नवमी पर पेड़ के नीचे पंगत में बैठा पूरा गांव

Advertisement
Advertisement Carousel

1993 से निरंतर निभाई जा रही परंपरा, आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने एक साथ ग्रहण किया सामूहिक प्रसाद

रायगढ़। आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की अनूठी मिसाल बनोरा आश्रम में देखने को मिली। आंवला नवमी के अवसर पर अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट बनोरा आश्रम परिसर में ग्रामीणों ने आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पंगत में बैठकर सामूहिक प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में शहर से पहुंचे श्रद्धालु भी शामिल हुए।

हर घर से पहुंची खाद्य सामग्री, मिलकर तैयार किया भोजन

आंवला नवमी के आयोजन को लेकर ग्रामीण सुबह से ही तैयारियों में जुट गए थे। गांव के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरों से दाल, चावल, सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री एकत्रित की। इसके बाद सभी ने मिलकर खीर, पूड़ी, सब्जी और चावल तैयार किए। आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना के बाद आश्रम परिसर में पंगत लगाई गई, जहां सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजा आश्रम परिसर

आयोजन में ग्रामीणों की सामूहिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का विशेष दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने पूजा की थाल सजाने से लेकर धार्मिक अनुष्ठानों में भागीदारी निभाई, वहीं पुरुषों ने भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक सभी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरा आश्रम परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय बना रहा।

1993 से लगातार निभाई जा रही परंपरा

बनोरा आश्रम में आंवला नवमी पर सामूहिक पूजा और भोजन की परंपरा अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 1993 से निरंतर चली आ रही है। बीते 32 वर्षों से ग्रामीण इस परंपरा को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाते आ रहे हैं। इस आयोजन की खासियत यह है कि गांव के हर घर से कोई न कोई सदस्य आश्रम पहुंचता है और सभी एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं।

ग्रामीणों का मानना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे गांव को एक सूत्र में बांधने वाला पर्व है। इसके माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना भी मजबूत होती है।

आंवला वृक्ष की पूजा का विशेष धार्मिक महत्व

सनातन परंपरा में आंवला नवमी का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है। इस अवसर पर वृक्ष की पूजा-अर्चना करने और उसकी छाया में भोजन करने से सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ ग्रामीण प्रतिवर्ष इस पर्व को मनाते हैं।

बाबा प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में वर्षभर होते हैं आयोजन

अघोर संत बाबा प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में बनोरा आश्रम में सालभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। आंवला नवमी का सामूहिक आयोजन भी आश्रम की महत्वपूर्ण परंपराओं में शामिल है। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर गांव की खुशहाली, सुख-शांति और आपसी भाईचारे की कामना करते हुए प्रार्थना की।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button