गौरेला में 1.15 करोड़ की लागत से बनेगा गौरव पथ, नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने किया भूमिपूजन

ब्रह्मचारी तालाब के शिव मंदिर से अग्रसेन चौक तक होगा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण, वार्ड क्रमांक 07 एवं 08 को मिलेगी नई पहचान
गौरेला। नगर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगरपालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने गौरव पथ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। ब्रह्मचारी तालाब स्थित शिव मंदिर से अग्रसेन चौक तक 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से इस मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष ने इसे अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में एक कदम बताया।
दो वार्डों को मिलेगा विकास कार्य का लाभ
गौरव पथ का निर्माण वार्ड क्रमांक 07 एवं 08 में कराया जाएगा। इस मार्ग के विकसित होने से नगर के प्रमुख हिस्से को बेहतर स्वरूप मिलने के साथ ही क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। निर्माण कार्य से स्थानीय नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
चुनावी वादों को पूरा करना प्राथमिकता : मुकेश दुबे
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि नगर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। गौरव पथ निर्माण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार नगर विकास के लिए आवश्यक है।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
मुकेश दुबे ने गौरव पथ निर्माण के लिए 1 करोड़ 15 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि उनके आग्रह पर इस कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही उप मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद गौरेला के विकास और जनहितकारी कार्यों में शासन की ओर से सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही मौजूदगी
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष रोशनी तापस शर्मा, सीएमओ राजेश गुप्ता, उपयंत्री मोनेन्द्र साठिया, एल्डरमैन ठाकुर रामप्रकाश सिंह एवं सुदामा चक्रधारी, पार्षद राजेश अग्रवाल, रियाज कुरैशी, अरुणा चक्रधारी और सुरेश उइके उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजयुमो जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे, कुलदीप सिंह धीरज, गोविंद सहाय अग्रवाल, प्रथमेश नगाइच, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राखी सिंह गहलोत, अजीत गहलोत, तापस शर्मा, शिव शर्मा, दुर्गा केशरी, मोनू तिवारी, मुकेश ताम्रकार, सुरेश साहू, मोहित और सुनील साहू सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





