रायगढ़

शादी का झांसा देकर युवती से बनाए संबंध, फिर शादी से मुकरा; जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement Carousel

बिलासपुर के मंदिर में सिंदूर भरकर शादी का किया था दावा, परिजनों के हस्तक्षेप के बाद बदला रवैया; खरसिया से पुलिस ने पकड़ा

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

रायगढ़। खरसिया क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर 20 वर्षीय युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटु (22 वर्ष), पिता सेतराम पटैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बिलासपुर ले जाकर मंदिर में भरी थी मांग

पीड़िता ने 20 नवंबर 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। युवती के अनुसार, वह आरोपी को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती ने जब परिवार की सहमति नहीं मिलने की बात बताई तो 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

अपने घर ले जाकर साथ रखने लगा आरोपी

शिकायत के मुताबिक, अगले दिन शादी करने का भरोसा देकर आरोपी युवती को ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कही और फिर अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर पर रहने लगी। मामले की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने के लिए आरोपी से बातचीत की।

शादी से मुकरा, जान से मारने की दी धमकी

आरोप है कि परिजनों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी लगातार शादी की बात टालने लगा। बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती द्वारा दबाव बनाने पर आरोपी ने उसे जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी।

खरसिया में दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

युवती की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम खरसिया रवाना हुई और आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button