धान खरीदी से पहले खसरा मैपिंग की विसंगतियां दूर करने के निर्देश, 15 जनवरी तक मिलेगा मौका

किसानों को उपज बेचने में नहीं होगी परेशानी, खाद्य और राजस्व विभाग ने सभी कलेक्टरों को जारी किए संयुक्त निर्देश
किसानों की समस्याओं के निराकरण पर जोर
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुगम और किसान हितैषी बनाने के लिए नई पहल की है। पात्र किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए खसरा मैपिंग और फसल संबंधी अभिलेखों में दर्ज विसंगतियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव की बैठक के बाद जारी हुए निर्देश
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर 8 नवंबर 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव श्रीमती शम्मी आबिदी ने जारी निर्देशों में किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और फसल संबंधी अभिलेखों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया है।
15 जनवरी 2027 तक कराई जाएगी खसरा मैपिंग
निर्देशों के अनुसार, जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनके लिए मैपिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए संबंधित सहकारी समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।
समितियों के माध्यम से होगा प्रकरणों का निराकरण
कलेक्टरों को संबंधित सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया है। खसरा मैपिंग के लिए धान खरीदी की अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है, ताकि पात्र किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित न रहें।





