छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की भर्ती, 29 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं; व्याख्याता के 854 पदों के लिए पहली परीक्षा

Advertisement
Advertisement Carousel

सहायक शिक्षक के 2,292 और शिक्षक के 1,654 पदों पर भी होगी भर्ती, बस्तर में 15 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे 3,771 अभ्यर्थी; परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड जारी

29 नवंबर से भर्ती परीक्षाओं का आगाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रदेश में व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक संवर्ग के करीब 5 हजार पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से 29 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक चरणबद्ध तरीके से परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत व्याख्याता के 854 पदों के लिए परीक्षा से होगी।

व्याख्याता के 854 पदों पर विषयवार भर्ती

व्याख्याता भर्ती के तहत हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय में 120-120 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं भूगोल, राजनीति शास्त्र, इतिहास और अर्थशास्त्र में 100-100 पदों पर भर्ती होगी। भौतिकी विषय के लिए 94 पद रखे गए हैं। इस भर्ती से बस्तर संभाग में करीब 1,500 नए शिक्षक मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बस्तर में 15 केंद्रों पर 3,771 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

व्याख्याता भर्ती परीक्षा 29 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। बस्तर जिले में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 3,771 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुर, रेलवे कॉलोनी स्कूल, स्वामी विवेकानंद स्कूल आड़ावाल, पथरागुड़ा, बाल विहार, निर्मल स्कूल, ढेबरीधूर कॉलेज और आसना स्कूल शामिल हैं।

परीक्षा में ड्रेस कोड का करना होगा पालन

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है। उन्हें हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अनुमति होगी। गहरे रंग के कपड़े, आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन, बेल्ट, जूते, टोपी, चश्मा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश संबंधी परेशानी हो सकती है।

दिसंबर में शिक्षक और सहायक शिक्षक पदों की परीक्षा

व्याख्याता भर्ती परीक्षा के बाद दिसंबर में शिक्षक और सहायक शिक्षक संवर्ग के पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सहायक शिक्षक के 2,292 और शिक्षक संवर्ग के 1,654 पदों पर भर्ती होगी। शिक्षक पदों में अंग्रेजी, संस्कृत, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषय शामिल हैं। वहीं सहायक शिक्षक भर्ती में विज्ञान विषय के 200 पद भी निर्धारित किए गए हैं।

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की कवायद

प्रदेशभर में करीब 5 हजार पदों पर होने वाली यह भर्ती सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नियुक्तियां पूरी होने के बाद विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ने तथा शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button