छत्तीसगढ़

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने की जरूरत : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Advertisement
Advertisement Carousel

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, प्रदेश में 42 सखी सेंटर संचालित; महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। इन अपराधों के खिलाफ सामूहिक प्रयासों से जनआंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

राज्य स्तरीय कार्यशाला में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस गंभीर विषय पर न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना सराहनीय पहल है।

महिलाओं का सम्मान पूरे समाज की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में भी महिलाओं के सम्मान को विशेष महत्व दिया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करना केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जागरूकता और सतर्कता से रुकेगी मानव तस्करी

अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय यहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने बताया कि कई मामलों में परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसे अपराधों को रोकने के लिए परिवार और समाज में जागरूकता तथा सतर्कता जरूरी है।

35 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पिछले 30 से 35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्षों तक सांसद रहते हुए दिल्ली में भी मानव तस्करी से जुड़े कई मामले उनके सामने आए। ऐसे मामलों में पहल कर उन्होंने कई बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया। इन अनुभवों ने महिलाओं की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।

42 सखी सेंटर और हेल्पलाइन से मिल रही सहायता

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के माध्यम से भी महिलाओं को मदद दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए महिला थानों की संख्या बढ़ाई गई है। पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा दी गई है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना की अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है।

उन्होंने बताया कि कई महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और अन्य छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर रही हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित लखपति दीदी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब यहां मिले सुझावों को धरातल पर लागू कर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button