देश विदेश

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में खूनी हमला, पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से किया वार; 5 घायल

Advertisement
Advertisement Carousel

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान एक युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मां और बहन को परेशान करने की मिली थी शिकायत

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत मिली थी कि वह अपनी मां और बहन को परेशान करता था। इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था। पुलिसकर्मी उससे पारिवारिक विवाद को लेकर पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

दोपहर ढाई बजे थाने में मची अफरा-तफरी

पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका दिए बिना उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं। अचानक हुए हमले से थाने में अफरा-तफरी मच गई।

तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन पुलिसकर्मियों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य का संजीवनी अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।

हमले के बाद दोपहिया वाहन लेकर भागा आरोपी

बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया था। भागने के लिए उसने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन भी चुरा लिया। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह के साथ-साथ आरोपी के पास चाकू पहुंचने के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button