27 दिसंबर को होगा यादव समाज का भव्य मड़ाई महोत्सव, आशीष यादव बने अध्यक्ष

रायगढ़। यादव समाज के ऐतिहासिक मड़ाई महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष 27 दिसंबर को भव्य मड़ाई महोत्सव एवं राउत नाचा शौर्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर यादव सामुदायिक भवन में समाज के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आयोजन की तिथि निर्धारित की गई।
आशीष यादव को सौंपी गई आयोजन की कमान
बैठक में इस वर्ष के महोत्सव की जिम्मेदारी आशीष यादव को सौंपी गई। समाज के प्रमुख सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें राउत नाचा महोत्सव 2026 का अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार करने और कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने पर चर्चा की गई।
प्रदेशभर के राउत नाचा दलों को मिलेगा आमंत्रण
महोत्सव को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों से अधिक से अधिक राउत नाचा दलों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। समाज के सदस्यों ने वर्षों से चली आ रही परंपरा को बरकरार रखते हुए इस बार भी आयोजन को भव्य रूप से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
अगली बैठक में गठित होगी आयोजन समिति
आयोजन की तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए आगामी दिनों में दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यों का गठन किया जाएगा। समिति के गठन के बाद महोत्सव की तैयारियों को व्यवस्थित रूप से गति दी जाएगी।
दिवंगत समाजजनों को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान यादव समाज के प्रतिष्ठित सदस्य सुरेश यादव कुटेला एवं बलराम यादव गढ़मरिया के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
ये रहे बैठक में उपस्थित
बैठक में आशीष यादव, गणेश यादव, अमित यादव, विकास ठेठवार, श्रीपाल यादव, महेंद्र यादव, अनिल यादव, दुर्गेश यादव, आशा यादव, दिलीप यादव, पंकज, लता यादव, आलेख राम यादव, रवि यादव, खोपेंद्र यादव, शिव यादव एवं सागर यादव सहित समाज के अनेक प्रतिष्ठित सदस्य उपस्थित रहे।





