रायगढ़

रायगढ़ में अपराधों की पेंडेंसी घटाने एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तय किया एक महीने का लक्ष्य, थानों में 5% से अधिक लंबित मामले नहीं रखने के निर्देश

Advertisement
Advertisement Carousel

अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था और लंबित मामलों की हुई समीक्षा, ठंड में चोरी रोकने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा पर्यटन स्थलों पर पेट्रोलिंग के निर्देश

एक महीने में लंबित अपराधों का निराकरण करने का लक्ष्य

रायगढ़। पुलिस नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों एवं शिकायतों के निराकरण, अपराध नियंत्रण, ऑपरेशनल गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अगले एक महीने के भीतर लंबित अपराधों की पेंडेंसी कम करने तथा थानों में लंबित मामलों का प्रतिशत 5 प्रतिशत से अधिक नहीं रखने का लक्ष्य दिया।

त्योहारों के बाद सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस, दीपावली सहित विभिन्न तीज-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद अब वर्षांत को देखते हुए पुलिसिंग के लंबित कार्यों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग की गतिविधियों को और गति देने तथा योजनाबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए।

60 और 90 दिनों में अपराधों का निराकरण करने के निर्देश

बैठक में नवीन आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर विवेचना पूरी करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। विवेचना पूरी होने के बावजूद न्यायालय में पेश नहीं किए गए चालानों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।

लंबित मर्ग और अनसुलझे मामलों की होगी समीक्षा

एसएसपी ने प्रत्येक प्रकरण की विवेचना पूरी होने के बाद सीसीटीएनएस पोर्टल में जरूरी प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लंबित मर्ग के मामलों का तीन महीने के भीतर निराकरण करने को कहा। थानावार लंबित और अनसुलझे अपराधों की समीक्षा कर उनके शीघ्र खुलासे एवं निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

ठंड में चोरी रोकने रात में बढ़ेगी पुलिस की गश्त

सर्दियों के मौसम में चोरी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए एसएसपी ने रात्रि गश्त मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आसपास के जिलों में बाहरी गिरोहों की आवाजाही की जानकारी सामने आने के मद्देनजर पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों पर होगी नियमित पेट्रोलिंग

जिले के पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button