मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिखाई संवेदनशीलता, घायल नंदकुमार साय को हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर; बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। पैर में चोट के कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी। मुख्यमंत्री ने उनके इलाज के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था कराई है।
फिसलकर गिरने से पैर में आई चोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। इस वजह से उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी।
रात में निवास पहुंचकर जाना हालचाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें आज रायपुर आना था। नंदकुमार साय को पैर में चोट के कारण यात्रा में असुविधा न हो, इसलिए उन्हें भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए। उनके बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्था की गई है।





