रायगढ़

8 एकड़ में गेंदा फूल की खेती कर रहे विद्याधर पटेल, हर साल लाखों की कमाई

Advertisement
Advertisement Carousel

लैलूंगा के किसान की खेती छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक पहुंची, रोजाना 12 से 15 गाड़ियों में होती है फूलों की सप्लाई; 15 से 20 ग्रामीणों को दे रहे रोजगार

प्रदर्शनी से मिला व्यावसायिक खेती का विचार

रायगढ़। खेती-किसानी में नई तकनीक और बाजार की मांग को समझकर काम किया जाए तो अच्छी आमदनी के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती से यह साबित किया है। वर्ष 2007-08 में शुरू हुई उनकी यह पहल आज 7 से 8 एकड़ तक पहुंच चुकी है। उनके खेतों में तैयार फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा के कई शहरों तक पहुंच रहे हैं।

कृषि प्रदर्शनियों से आया फूलों की खेती का विचार

विद्याधर पटेल वर्ष 1994-95 से सब्जियों की खेती कर रहे थे। इस दौरान वे रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जी उत्पादन का प्रदर्शन भी करते थे। इन्हीं प्रदर्शनियों में गेंदा फूलों की अच्छी मांग और बिक्री देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू करने का निर्णय लिया। वर्ष 2007-08 में उन्होंने पहली बार गेंदा फूल का उत्पादन शुरू किया और धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ाते गए।

पॉलीबैग तकनीक से कम किया नुकसान का जोखिम

शुरुआती दिनों में खुले खेतों में पौधे तैयार करने के दौरान उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीजों का सही अंकुरण नहीं होने से दोबारा बुवाई करनी पड़ती थी। इससे पौधे तैयार होने में देरी होती और दशहरा-दीपावली जैसे प्रमुख बिक्री सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे। इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई। इससे पौधों को समय पर तैयार करने और फूलों की बिक्री को बेहतर तरीके से प्रबंधित करने में मदद मिली। दीपावली के दौरान बिक्री नहीं होने पर भी फूलों को बाद में बाजार में खपाने का विकल्प मिलने लगा।

एक एकड़ में 5 लाख रुपये तक का कारोबार

विद्याधर पटेल के मुताबिक, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि उत्पादन पर करीब 1 से 1.5 लाख रुपये तक खर्च आता है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखकर वे खेती और बाजार की तैयारी करते हैं। सिंचाई के लिए खेतों में दो निजी बोरवेल, पाइपलाइन के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर की व्यवस्था भी की गई है।

छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक फूलों की आपूर्ति

विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूलों की मांग छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा में भी है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में नियमित रूप से फूल भेजे जाते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक आपूर्ति की जाती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूल बाजारों तक पहुंचाए जाते हैं। फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों व वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित किया जाता है।

परिवार के सहयोग से 15 से 20 ग्रामीणों को रोजगार

गेंदा फूल की खेती को सफल बनाने में विद्याधर पटेल के परिवार का भी अहम योगदान है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में सहयोग करती हैं। इसके अलावा गांव के 15 से 20 श्रमिक नियमित रूप से इस काम से जुड़े हुए हैं। फूलों की ढुलाई के लिए उनके अपने वाहनों के साथ प्रतिदिन 8 से 10 किराये के वाहनों की भी जरूरत पड़ती है। इस तरह उनकी खेती से ग्रामीण श्रमिकों के साथ वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।

गेंदा के साथ सब्जियों की खेती से बढ़ाई आमदनी

विद्याधर पटेल गेंदा फूल की खेती के अलावा 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इसमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं। इसके साथ ही अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उगाते हैं। फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने सालभर आमदनी के अलग-अलग साधन विकसित किए हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button