मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले को देंगे विकास कार्यों की सौगात, भिलाई में साइबर थाने का करेंगे उद्घाटन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार, 24 नवंबर को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रिसाली, भिलाई, खुर्सीपार और भिलाई-3 में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे का प्रमुख आकर्षण भिलाई के सेक्टर-6 में नए साइबर थाने का उद्घाटन होगा।
रिसाली से शुरू होगा मुख्यमंत्री का दौरा
मुख्यमंत्री सचिवालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार, विष्णुदेव साय सुबह रायपुर से भिलाई के लिए रवाना होंगे। दुर्ग जिले में उनका पहला प्रमुख कार्यक्रम रिसाली के मरोदा स्थित वार्ड क्रमांक 18 के दुर्गा मंदिर मंच पर आयोजित होगा। यहां वे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
सेक्टर-6 में साइबर थाने का करेंगे लोकार्पण
रिसाली के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भिलाई के सेक्टर-6 पहुंचेंगे। यहां नए साइबर थाने का उद्घाटन करेंगे। इस थाने के शुरू होने से साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों की शिकायतों की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। इस दौरान मुख्यमंत्री सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंहसभा भी जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-2 में भी उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है।
खुर्सीपार और भिलाई-3 को मिलेंगी विकास परियोजनाओं की सौगात
दोपहर में मुख्यमंत्री खुर्सीपार के आईटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद वे भिलाई-3 स्थित मंगल भवन पहुंचेंगे, जहां भी विकास कार्यों की शुरुआत और पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
गुरु नानक देव जयंती के कार्यक्रम में भी होंगे शामिल
दुर्ग जिले का दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे। यहां खालसा स्कूल परिसर में गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर आयोजित गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान नगर कीर्तन और शोभायात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।





