मानव तस्करी और घरेलू हिंसा रोकने के लिए जनआंदोलन जरूरी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

महिला आयोग की कार्यशाला में सीएम ने जताई चिंता, बोले- नौकरी और पैसे का लालच देकर महिलाओं को तस्करी के जाल में फंसाया जा रहा
महिला सुरक्षा पर आयोजित हुई कार्यशाला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी, घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर मंथन किया गया।
मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर सीएम ने जताई चिंता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही नारी को पूजनीय स्थान दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद आज भी महिलाओं को इन गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन चुनौतियों को स्वीकार करते हुए इनके समाधान के लिए ठोस प्रयास करने की जरूरत है।
नौकरी और पैसे का लालच देकर फंसाई जाती हैं महिलाएं
मुख्यमंत्री ने मानव तस्करी के मामलों में करीबी लोगों की संलिप्तता पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार परिचित लोग ही पैसे और नौकरी का लालच देकर महिलाओं को घर से बाहर ले जाते हैं और उन्हें तस्करी के जाल में फंसा देते हैं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं। दिल्ली में भी इस तरह के जाल से कई महिलाओं को मुक्त कराया गया है।
महिला सुरक्षा के लिए सरकार चला रही कई योजनाएं
सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घरेलू हिंसा व मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण पर जोर दिया जा रहा है।
सखी सेंटर से लेकर अभिव्यक्ति ऐप तक मिल रही सहायता
मुख्यमंत्री ने सखी वन स्टॉप सेंटर की जानकारी देते हुए बताया कि यहां जरूरतमंद महिलाओं को 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा 181 महिला हेल्पलाइन के माध्यम से भी महिलाएं मदद ले सकती हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप पर भी महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
बोले- रोकथाम के लिए सभी को मिलकर करना होगा प्रयास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घरेलू हिंसा और मानव तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। इन समस्याओं से निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।





