ठगी और ब्लैकमेलिंग के आरोपी दीपक-बरखा टंडन जेल भेजे गए, दो लग्जरी गाड़ियां जब्त

28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे दोनों आरोपी, पुलिस ने बलेनो और XUV 700 कार की जब्त
रिमांड खत्म होने पर कोर्ट में पेशी
रायपुर। ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार दीपक टंडन और बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद बुधवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 28 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। वहीं, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़ी दो गाड़ियां भी जब्त की हैं। इनमें बलेनो कार और XUV 700 शामिल हैं।
पूछताछ के बाद दो गाड़ियां जब्त
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों की जांच के सिलसिले में पुलिस ने दीपक और बरखा टंडन को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने कई अहम जानकारियां और साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर आरोपियों से जुड़ी बलेनो और XUV 700 कार जब्त की गई हैं। रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने दोनों की रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की, जिसके बाद अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों के खिलाफ भ्रामक और छवि खराब करने वाली खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर संबंधित लोगों पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था।
तस्वीरों से छेड़छाड़ मामले में भी दर्ज है अपराध
इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस इस शिकायत के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।





