रायपुर ड्रग्स तस्करी मामले में बड़ा फैसला, 3 आरोपियों को 20-20 साल की कैद

NDPS की स्पेशल कोर्ट ने आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी को ठहराया दोषी, पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर 6 आरोपी बरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में NDPS की स्पेशल कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले के 9 आरोपियों में से 3 को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की अदालत ने सुनाया। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 20 गवाहों के बयान दर्ज कराए गए थे।
कसोल से रायपुर और दिल्ली तक फैला था नेटवर्क
सरकारी वकील स्वामी शर्मा के मुताबिक, आरोपियों का ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क हिमाचल प्रदेश के कसोल से रायपुर और दिल्ली तक फैला हुआ था। आरोपी नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट समेत अन्य लोगों से चरस, कोकीन और एमडीएमए (MDMA) खरीदते थे।
9 आरोपियों में से 3 को सजा, 6 बरी
अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर तीन आरोपियों को दोषी करार दिया। उन्हें 20-20 साल की सजा सुनाई गई, जबकि शेष छह आरोपियों को पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।





