रायगढ़

रायगढ़ में अवैध धान पर प्रशासन की कार्रवाई, गोदाम और ट्रक से 620 बोरी धान जब्त

Advertisement
Advertisement Carousel

कापू में 70 बोरी और पटेलपाली में ट्रक से 550 बोरी धान पकड़ा गया, जिले में अब तक 32 मामलों में 7,651 बोरी धान जब्त

रायगढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 27 और 28 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर जांच के दौरान कुल 620 बोरी धान जब्त किया गया।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच कर रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य अवैध धान के भंडारण, परिवहन और अनियमित खरीदी-बिक्री पर रोक लगाना है।

कापू के गोदाम से 70 बोरी धान जब्त

27 नवंबर को धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कापू में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राजू निराला के गोदाम की जांच की। इस दौरान गोदाम में अवैध रूप से भंडारित 70 बोरी धान मिला, जिसका कुल वजन 28 क्विंटल बताया गया है। टीम ने धान जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की।

पटेलपाली में ट्रक से 550 बोरी धान पकड़ा गया

28 नवंबर को रायगढ़ तहसील के ग्राम पटेलपाली में ट्रक के माध्यम से धान का अवैध परिवहन किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में ट्रक से 550 बोरी धान का अवैध परिवहन होना पाया गया। टीम ने धान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

जिले में अब तक 7,651 बोरी धान जब्त

जिला प्रशासन के अनुसार 28 नवंबर 2026 तक अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ कुल 32 प्रकरण दर्ज करते हुए 7,651 बोरी धान जब्त किया जा चुका है।

27 नवंबर तक जिले में 31 प्रकरणों में 7,101 बोरी धान जब्त किया गया था, जिसका कुल वजन 2,840.40 क्विंटल था। वहीं, 28 नवंबर को पटेलपाली में 550 बोरी धान की अतिरिक्त जब्ती के बाद कुल मामलों की संख्या 32 और जब्त धान की मात्रा 7,651 बोरी हो गई है।

धान खरीदी केंद्रों और परिवहन मार्गों पर निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों के साथ गोदामों और परिवहन मार्गों पर भी निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button