सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनेगी कुंजारा ग्राम पंचायत, हर साल होगी 18.75 लाख रुपये की आय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण, सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की भी घोषणा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में प्रदेश का पहला पंचायत आधारित 280 किलोवाट क्षमता का ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 28 नवंबर को 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस संयंत्र का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। कुंजारा की यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी बनेगी। अब पंचायत बिजली उत्पादन के साथ उससे नियमित आय भी अर्जित कर सकेगी।
हर साल करीब 18.75 लाख रुपये की होगी कमाई
इस सौर ऊर्जा संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित की जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से इसका समायोजन जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा।

इस व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत कुंजारा को प्रति यूनिट 5 रुपये की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार गांव की बुनियादी सुविधाओं, अधोसंरचना निर्माण और विकास कार्यों में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जुड़ी पहल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सौर ऊर्जा के माध्यम से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। कुंजारा की परियोजना इसी संकल्प को गांवों तक पहुंचाने का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है।

सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा श्री टोली में सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के समीप एक अन्य सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली खर्च में भी बचत होती है। राज्य सरकार का प्रयास है कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों और आम नागरिकों तक पहुंचे।
वर्चुअल नेट मीटरिंग से शासकीय कार्यालयों को भी होगा फायदा
इस परियोजना को भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिली है। जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर 2 करोड़ रुपये की लागत से संयंत्र स्थापित किया गया है। इसकी स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से की है।
संयंत्र में उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में जाएगी। बिजली उत्पादन की गणना के लिए स्थल पर नेट मीटर लगाया गया है। वहीं, जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों के विद्युत मीटरों को वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से अनुबंधित किया गया है।
इससे सरकारी कार्यालयों के बिजली बिल में बचत होगी और निर्धारित लाभांश ग्राम पंचायत कुंजारा के खाते में जमा किया जाएगा। परियोजना के संचालन और लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा तथा जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया है।
अन्य ग्राम पंचायतों के लिए बनेगा उदाहरण
अब तक ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए मुख्य रूप से शासकीय अनुदान और विभिन्न योजनाओं से मिलने वाली राशि पर निर्भर रहना पड़ता था। कुंजारा की इस परियोजना से पंचायत को नियमित आय का एक नया स्रोत मिलेगा। ग्राम सभा की सहमति से इस राशि का उपयोग स्थानीय जरूरतों और जनसुविधाओं के विस्तार में किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





