परिसीमन विधेयक को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव; 30 नवंबर को संसद में होगा पेश

दिल्ली। केंद्र सरकार ने लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। वहीं, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।

30 नवंबर को लोकसभा में पेश होगा विधेयक
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेगी। उन्होंने विपक्षी दलों से इस पर होने वाली चर्चा में शामिल होने की अपील की है। इस बीच संविधान संशोधन विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
कांग्रेस ने सरकार पर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पारित कराने के लिए राजनीतिक रणनीति अपनाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। कांग्रेस की संसदीय रणनीति समूह की बैठक दिल्ली में शाम 4:30 बजे प्रस्तावित है। वहीं, शनिवार को एनडीए गठबंधन के नेता भी इस मुद्दे पर बैठक करेंगे।
बीजेपी भी सांसदों को जारी कर सकती है व्हिप
विधेयक को लेकर बीजेपी भी अपनी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी लोकसभा सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत सांसदों को 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
परिसीमन विधेयक पर किस पार्टी का क्या रुख?
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद दिखाई दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया है, जबकि डीएमके और यूबीआरएस ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं। कांग्रेस ने इस विधेयक को संविधान पर हमला करार दिया है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने डीएमके को चेतावनी देते हुए कहा कि विधेयक का समर्थन करना ऐतिहासिक भूल होगी। उन्होंने इसे ‘बीजेपी जिताओ बिल’ बताते हुए आरोप लगाया कि इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक ताकत कमजोर हो सकती है।
सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती
संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। ऐसे में सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाना सबसे बड़ी चुनौती है। राजनीतिक समीकरणों के अनुसार, यदि सभी 540 सांसद मतदान करते हैं तो सरकार को अतिरिक्त दलों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद मतदान से अनुपस्थित रहते हैं तो सरकार के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा हासिल करना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। अब सभी की नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय कार्यवाही पर है। परिसीमन, महिला आरक्षण और राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में जोरदार बहस होने की संभावना है।





