Hyundai ला रही नई 7-सीटर हाइब्रिड SUV, Scorpio-N और XUV7XO को देगी टक्कर; 2028 में लॉन्च की उम्मीद

पहली बार टेस्टिंग के दौरान आई नजर
हुंडई भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी एसयूवी रेंज का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी की नई 7-सीटर हाइब्रिड एसयूवी को पहली बार दक्षिण कोरिया में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। फिलहाल इसे कोडनेम Ni1i दिया गया है। स्पाई तस्वीरों में गाड़ी पूरी तरह कैमोफ्लाज से ढकी हुई नजर आई। इसके बड़े आकार और बॉक्सी डिजाइन को देखते हुए माना जा रहा है कि इसे Creta और Alcazar से ऊपर पोजिशन किया जाएगा।
1.6-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन मिलने की संभावना
टेस्टिंग के दौरान एसयूवी की बॉडी पर HEV स्टिकर दिखाई दिया है। इससे इसमें Hybrid Electric Vehicle पावरट्रेन मिलने के संकेत मिलते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुंडई इसमें 1.6-लीटर पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन दे सकती है। हालांकि, इंजन की क्षमता, इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अनुमान है कि इसका माइलेज 20 से 25 किलोमीटर प्रति लीटर तक हो सकता है।
बॉक्सी डिजाइन और दमदार लुक आएगा नजर
स्पाई तस्वीरों के मुताबिक, नई एसयूवी का डिजाइन काफी हद तक बॉक्सी होगा। इसमें ऊंची बॉडी, फ्लैट रूफलाइन, स्क्वायर व्हील आर्च और मोटी बॉडी क्लैडिंग देखने को मिल सकती है। पीछे की तरफ सीधा टेलगेट और बड़ा रियर प्रोफाइल दिया गया है। ये डिजाइन संकेत देते हैं कि गाड़ी में तीन रो वाली 7-सीटर व्यवस्था हो सकती है।
18-इंच अलॉय व्हील्स के साथ मिलेगी दमदार बनावट
टेस्टिंग मॉडल में 245/60 R18 साइज के टायर और डार्क फिनिश अलॉय व्हील्स दिखाई दिए हैं। टायरों पर JK Tyre की ब्रांडिंग भी नजर आई। एसयूवी का ओवरऑल डिजाइन इसे बड़े आकार वाली फैमिली और प्रीमियम एसयूवी की श्रेणी में ला सकता है।
2027 के आखिर या 2028 में हो सकती है लॉन्च
रिपोर्ट्स के अनुसार, हुंडई की इस नई एसयूवी का उत्पादन महाराष्ट्र स्थित तालेगांव प्लांट में किया जा सकता है। इसकी लॉन्चिंग 2027 के आखिरी महीनों या 2028 में संभावित बताई जा रही है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Mahindra XUV7XO और Scorpio-N जैसी एसयूवी से हो सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक नाम, कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं किया है।





