रायगढ़ में चलते कोयले से लदे ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम कोयले से लदे एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रक के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलती देख ड्राइवर ने ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
देहजरी के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे कोयले से लदा ट्रक छाल से खरसिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान देहजरी के पास अचानक ट्रक में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें केबिन तक पहुंच गईं। स्थिति बिगड़ती देख ड्राइवर ने तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी।
ट्रक का अगला हिस्सा जलकर हुआ खाक
ड्राइवर के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आग ने ट्रक के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।





