छत्तीसगढ़ में जुआ अड्डे को संरक्षण देने के आरोप में थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित, 7 जुआरी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जुआ अड्डे को कथित रूप से पुलिस संरक्षण मिलने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रतापपुर क्षेत्र में जुआ संचालन की शिकायतों और जांच के बाद एसपी ने थाना प्रभारी दिनेश पुरैना समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षक भी शामिल हैं।

सुनसान मकान में चल रहा था जुए का फड़, 7 गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से जुआ खेलने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने विशेष टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर स्थित एक सुनसान मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से सात जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 99 हजार रुपये नकद भी बरामद किए।
पूछताछ के बाद पुलिसकर्मियों की भूमिका संदेह के घेरे में
गिरफ्तार जुआरियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिलीं। इसके आधार पर थाना प्रभारी समेत संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका संदेह के घेरे में आई। मामले की जांच के बाद एसपी ने थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया।
सक्ती में भी लापरवाही पर प्रशिक्षु थाना प्रभारी निलंबित
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भी हाल ही में पुलिस विभाग के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। यहां तीन दिनों से लापता 38 वर्षीय महेश राम केवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब में मिला था। वह 22 नवंबर की रात से लापता था। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के बाद बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई थी।
इस मामले में ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि जुआ खेलने के मामले में पुलिस की दबिश के दौरान कथित तौर पर मारपीट हुई थी। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगा दी होगी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम भी किया था।
वहीं, परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की थी।
जांच के बाद प्रशिक्षु टीआई पर हुई कार्रवाई
मामले की जांच के बाद सक्ती एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर दिया था। इस तरह सूरजपुर और सक्ती जिले में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।





