बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में लापरवाही, 17 व्याख्याताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा वर्ष 2024 एवं 2025 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही बरतने वाले व्याख्याताओं के खिलाफ लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई की जद में अविभाजित राजनांदगांव जिले के कुल 17 व्याख्याता आए हैं।
तीन जिलों के 17 व्याख्याता कार्रवाई की जद में
कार्रवाई में वर्तमान राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के व्याख्याता शामिल हैं। इन पर बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है।
सेवा पुस्तिका में दर्ज होगी कार्रवाई
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दोषी व्याख्याताओं के खिलाफ जारी शास्ति आदेश की प्रविष्टि उनकी सेवा पुस्तिका में दर्ज की जाए।
साथ ही इस कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन 15 दिनों के भीतर संचालनालय को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में मूल्यांकन कार्य के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर सख्ती का संदेश गया है।





