जशपुर की कुंजारा पंचायत बनेगी बिजली उत्पादक, सौर ऊर्जा से हर साल होगी 18.75 लाख रुपये की कमाई

जशपुर जिले की ग्राम पंचायत कुंजारा ने ग्रामीण आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई मिसाल पेश की है। अब यह पंचायत सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन करने के साथ नियमित आय भी अर्जित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना है।

सौर ऊर्जा से हर साल होगी लाखों रुपये की आय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों। कुंजारा की यह परियोजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने में सक्षम होगा। उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित की जाएगी।
5 रुपये प्रति यूनिट की दर से मिलेगा लाभांश
इस परियोजना के तहत वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से उत्पादित बिजली का समायोजन जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की बिजली खपत से किया जाएगा। इसके बदले ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है।
ग्राम विकास कार्यों में खर्च होगी कमाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र से प्राप्त आय का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर गांव की जरूरतों, अधोसंरचना निर्माण और स्थानीय विकास कार्यों में किया जा सकेगा। इससे पंचायत को विकास कार्यों के लिए बाहरी संसाधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
अन्य ग्राम पंचायतों के लिए बनेगी प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि के लिए ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सौर ऊर्जा के माध्यम से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को कुंजारा की परियोजना गांव की धरती पर साकार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह परियोजना प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का रोल मॉडल बनेगी।





