रायगढ़

Raigarh News : महानदी तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ तैयारियों की समीक्षा करेंगे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, शाम 7 बजे होगी VC

Advertisement

रायगढ़। महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी आज शाम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती और रायगढ़ जिले के अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

तीनों जिलों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 7 बजे आयोजित होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंस में तीनों जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। अधिकारियों को वर्तमान स्थिति से जुड़ी आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों पर होगी चर्चा

बैठक में वित्त मंत्री ओपी चौधरी नदी के जलस्तर, निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति, राहत शिविरों की व्यवस्था, नावों की उपलब्धता, एसडीआरएफ की तैनाती और आवश्यक राहत सामग्री की तैयारियों की जानकारी लेंगे।

इसके साथ ही संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में 24 घंटे निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल रेस्क्यू एवं राहत कार्य शुरू करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : ओपी चौधरी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्थिति पर लगातार नजर रखें, ताकि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button