रायगढ़ पुलिस में शान से लहराया तिरंगा, थाना-चौकियों तक दिखा देशभक्ति का जज्बा

रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा जिला पुलिस कार्यालय, रक्षित केंद्र सहित जिले के सभी थाना एवं चौकियों में गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रसेवा और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
जिला पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त एसपी ने किया ध्वजारोहण
जिला पुलिस कार्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने ध्वजारोहण किया। सशस्त्र जवानों ने राष्ट्रीय धुन के बीच तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और भारत माता की जय के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेन्द्र बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी और डीएसपी रोहित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना-चौकियों में भी लहराया तिरंगा
रायगढ़ पुलिस की देशभक्ति और सम्मान की परंपरा थाना एवं चौकी स्तर तक भी दिखाई दी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले के सभी थाना एवं चौकियों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया। 15 अगस्त को थाना एवं चौकी परिसरों में स्कूली बच्चों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया।
शहीद परिवारों से की मुलाकात
थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के शहीद परिवारों से भेंट कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद शहीद परिवारों को सम्मानपूर्वक मुख्य समारोह स्थल मिनी स्टेडियम तक लाया गया।
शहीदों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित शहीदों की प्रतिमाओं पर पुलिस अधिकारियों और नागरिकों ने माल्यार्पण कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के आदर्शों को स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






