कोरबा में देर रात दो सड़क हादसे, तेज रफ्तार कार ने 4 गौवंश को मारी टक्कर, 3 की मौत

कोरबा। जिले में गुरुवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए। उरगा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन गौवंश की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। वहीं बुधवारी बायपास में कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में महिलाओं और बच्चे समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
तेज रफ्तार कार ने गौवंश को मारी टक्कर
पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र में भैंसमा पावर जनरेट ऑफिस के सामने गुरुवार देर रात हुई। जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG 12 AT 3731 (टाटा टियागो) तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर बैठे चार गौवंश कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची डायल 112 टीम
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौसेवकों ने घायल गौवंश को पहुंचाया उपचार
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गौवंश को सड़क से हटवाया और घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा। घायल पशु का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।
नशे में वाहन चलाने की जांच की मांग
बजरंग दल कोरबा ने चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन की ओर से कहा गया है कि यदि जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
संगठन ने जांच के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना) और 184 (खतरनाक तरीके से वाहन चलाना) के तहत कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






