छत्तीसगढ़धार्मिक

Chhattisgarh News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया भगवान शिव का रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Advertisement

रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर शिवभक्ति में सराबोर नजर आई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कांवड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है।

हजारों शिवभक्त लेकर निकले पवित्र जल
गुढ़ियारी के मारुति मंगलम परिसर से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक यात्रा के साथ-साथ संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है।

हटकेश्वरनाथ मंदिर का बताया विशेष महत्व
मुख्यमंत्री साय ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महादेव घाट स्थित यह मंदिर छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सामाजिक एकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ उसकी समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता की भावना मजबूत होती है।

धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए तथा छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button