देश विदेश

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर लॉरी से टकराई बस, 6 की मौत, 20 गंभीर घायल

Advertisement

हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी प्राइवेट बस, हादसे में पांच महिलाओं समेत छह यात्रियों की मौत

सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोडाड मंडल के डोराकुंटा इलाके के पास हुआ, जहां हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस कंटेनर लॉरी से टकरा गई।

बस में सवार थे 43 यात्री

जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त बस में कुल 43 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें पुलिस और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

पांच महिलाओं समेत छह की मौत

हादसे में पांच महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। करीब 20 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 5:20 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी में बस के कंटेनर/ट्रक से टकराने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया शोक

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को भी कहा है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button