छत्तीसगढ़रायगढ़

रायगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: भारी वाहन ने पैदल जा रहे युवक को कुचला, मौके पर मौत

Advertisement

साप्ताहिक बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ग्राम सपनई निवासी युवक मनुआपाली के साप्ताहिक बाजार जा रहा था, तभी एमएसपी पार्किंग के पास पीछे से आए अज्ञात भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

बाजार जाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सपनई निवासी लक्ष्मण पाव पिता मनोहर पाव (34 वर्ष) मंगलवार शाम करीब 6 बजे घर से पैदल ग्राम मनुआपाली में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के लिए निकला था। वह मुख्य मार्ग से होते हुए एमएसपी पार्किंग के पास पहुंचा था, इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी गंभीर थी कि लक्ष्मण पाव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने दी परिजनों को सूचना

बाजार से वापस लौट रहे गांव के कुछ ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े लक्ष्मण पाव पर पड़ी। सड़क दुर्घटना में उसकी मौत होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी।

इसके बाद परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

दुर्घटनाकारित वाहन की तलाश में जुटे ग्रामीण

हादसे के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद वाहन और उसके चालक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात वाहन की पतासाजी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन चालक की लापरवाही से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है।

पंचनामा के बाद शव मेडिकल कॉलेज भेजा

पुलिस ने देर रात घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

बुधवार को चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और संभावित वाहनों की जानकारी जुटा रही है। हादसा किस वाहन से हुआ और चालक कौन था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button