
तेजपुर के पास हुआ हादसा, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
रायगढ़। बुधवार सुबह नारायणपुर से रायगढ़ की ओर आ रही द्विवेदी बस धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम तेजपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 15 यात्री घायल हुए हैं। इनमें सात यात्रियों को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद पत्थलगांव अस्पताल रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बस को मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार द्विवेदी बस बुधवार सुबह यात्रियों को लेकर नारायणपुर से रायगढ़ के लिए रवाना हुई थी। धरमजयगढ़ के रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तेजपुर के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रैरूमाखुर्द पुलिस चौकी की टीम प्रभारी इंगेश्वर यादव के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला।
15 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
सभी घायलों को तत्काल धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद सात यात्रियों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें प्राथमिक उपचार देकर आगे के इलाज के लिए पत्थलगांव रेफर कर दिया गया। अन्य घायल यात्रियों का धरमजयगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है।
कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
हादसे के बाद कुछ समय बाधित रहा यातायात
दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पहले घायलों को अस्पताल पहुंचाया, इसके बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया। वाहनों के हटने के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में घायल यात्रियों में अमित एक्का (20), माधुरी दास (16), सरस्वती दास (35), सुकान्ति वैष्णव (35), मंजीता टोप्पो (30), अरविन्द दास (20), सुचिता एक्का (35), विजय एक्का (42), अमित जेरी टोप्पो (42), अयोध्या विश्वकर्मा (48), अमर साय राम (64), दयामनी देवी (55) और सुरेन्द्र यादव (55) सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा हादसे का सही कारण
प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। हालांकि बस और ट्रक की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।






