रायगढ़ में महापौर का औचक निरीक्षण, ओवरब्रिज से तत्काल हटवाया मलबा

जोरापाली-ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग की सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
रायगढ़। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर जीवर्धन चौहान लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने जोरापाली एवं ट्रांसपोर्ट नगर जाने वाले रोड ओवरब्रिज का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वहां की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
मलबा और मिट्टी हटाकर कराई गई सफाई
निरीक्षण के दौरान ओवरब्रिज पर कई स्थानों पर मिट्टी और मलबा जमा मिला। महापौर के निर्देश पर तत्काल ट्रैक्टर, जेसीबी और निगम कर्मचारियों की मदद से मलबा हटवाया गया तथा पूरे क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई कराई गई।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ओवरब्रिज सहित प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखी जाए और कहीं भी गंदगी अथवा मलबा जमा होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।
हर 15 दिन में होती है ओवरब्रिज की सफाई
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि ओवरब्रिज की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम द्वारा हर 15 दिन में नियमित सफाई कराई जाती रही है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निगम की प्राथमिकता आमजन को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराने पर जोर
महापौर की सक्रियता को लेकर स्थानीय लोगों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि महापौर स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं और सामने आने वाली समस्याओं के तत्काल समाधान का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि महापौर के इस तरह सीधे जनता के बीच पहुंचकर काम करने से समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधि और निगम अमला रहा मौजूद
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






